नोएडा। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कृष्णा करुणेश की अध्यक्षता में बुधवार को सेक्टर-96 स्थित प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई। बैठक में शहर के विकास कार्यों, अतिक्रमण, अवैध निर्माण, जल निकासी और प्राधिकरण की ऑनलाइन व्यवस्थाओं सहित कई मुद्दों पर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, विशेष कार्याधिकारी क्रांति शेखर सिंह, इन्दु प्रकाश सिंह, एनके सिंह, महाप्रबंधक-सिविल एसपी सिंह, एपी अरोड़ा, आरपी सिंह, महाप्रबंधक (जल/सीवर/यांत्रिकी) सहित उद्यान विभाग के निदेशक आनंद मोहन सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
30 अक्टूबर तक विकास कार्य पूरे करने का लक्ष्य
सीईओ कृष्णा करुणेश ने सभी वरिष्ठ प्रबंधकों को गांवों और सेक्टरों के अनुरक्षण, विकास कार्यों तथा रीसर्फेसिंग से जुड़े काम 30 अक्टूबर 2026 तक पूरा कराने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही वर्क सर्किल के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर अवैध और अनधिकृत निर्माण की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
नोएडा शहर में अवैध एवं अनधिकृत निर्माण को हटाने के लिए 5 जेसीबी और 5 हाईवा खरीदने के संबंध में भी संबंधित विभाग को निर्देश जारी किए गए।
मुख्य नालों को कवर करने के निर्देश
शहर में संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से मुख्य नालों और नालियों को कवर करने के निर्देश भी दिए गए। प्राधिकरण ने इस काम को सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना है।
ई-ऑफिस व्यवस्था की भी हुई समीक्षा
बैठक में प्राधिकरण की विभिन्न कार्यप्रणालियों को डिजिटल और ऑनलाइन किए जाने की प्रगति की समीक्षा की गई। इसमें ‘प्रहरी ऐप’ और ‘ई-ऑफिस’ व्यवस्था भी शामिल रही।
सीईओ ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि 16 अगस्त से पहले ई-ऑफिस पर संविदाकारों का रजिस्ट्रेशन पूरा कराया जाए।
भवनों के अतिक्रमण पर नोटिस देने के निर्देश
नोएडा क्षेत्र में निर्मित भवनों में मौजूद अतिक्रमण के मामलों को लेकर भी अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में धारा-10 के नियमों और शर्तों के तहत संबंधित आवंटियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर कार्रवाई
जनसामान्य से प्राप्त आईजीआरएस संदर्भों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण नहीं किए जाने पर भी सीईओ ने सख्त रुख अपनाया।
ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारी के एक माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
15 अगस्त पर हर तिरंगा कार्यक्रम की तैयारी
नोएडा प्राधिकरण की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर तिरंगा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम को अधिक भव्य और समावेशी तरीके से आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं।


