नोएडा / SBS News हिंदी : आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को लेकर लोक अभियान के अध्यक्ष और भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने नोएडा मीडिया क्लब में प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने यूपी सरकार द्वारा जारी हालिया सर्कुलर को सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का उल्लंघन बताया।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश और विवादित सर्कुलर
प्रेसवार्ता के दौरान विजय गोयल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने दो महत्वपूर्ण आदेश दिए थे, जिनका पालन नहीं हो रहा है।
पहला आदेश
सार्वजनिक स्थानों, सोसाइटी, अपार्टमेंट और सड़कों पर डॉग फीडिंग पर रोक। स्थानीय निकाय आबादी से दूर एक निर्धारित स्थान तय करेगा जहां कुत्तों को खाना खिलाया जा सकेगा।
दूसरा आदेश
आक्रामक (Aggressive) और काटने वाले कुत्तों को छोड़ा नहीं जाएगा। ऐसे कुत्तों को स्थायी रूप से बाड़ों में रखा जाएगा। गोयल ने कहा कि उत्तर प्रदेश शासन का सर्कुलर इन आदेशों का उल्लंघन करता है और इससे RWA और नागरिकों को कोई राहत नहीं मिलेगी।
“भारत में कुत्तों की समस्या गंभीर”
गोयल ने आंकड़े पेश करते हुए कहा: भारत में 12 करोड़ से अधिक आवारा कुत्ते हैं। कुत्तों के काटने और रेबीज मामलों की संख्या दुनिया में सबसे अधिक भारत में है। अमेरिका, जर्मनी, ब्रिटेन, थाईलैंड जैसे देशों में सड़कों पर कुत्ते नहीं दिखाई देते, वहीं भारत में स्थिति उलटी है। उन्होंने कहा, “PETA जैसी संस्थाएं भारत में तो कुत्तों को सड़कों पर रखने की वकालत करती हैं, लेकिन अमेरिका में ऐसा नहीं है।”
सीएम योगी को लिखा पत्र
विजय गोयल ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर सर्कुलर पर आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही सुप्रीम कोर्ट में भी इस मामले को उठाएंगे। गोयल ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं और उनके खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल हो रहा है। उन्होंने कहा कि वह खुद पशु प्रेमी हैं, लेकिन मानव जीवन सर्वोपरि है।
प्रेसवार्ता में शामिल लोग
इस मौके पर फोनरवा व विभिन्न RWA पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें प्रमुख रूप से त्रिलोक शर्मा, पवन यादव, विजय भाटी, सुशील यादव, अशोक मिश्रा, नरोत्तम शर्मा,देवेंद्र चौहान, संजय चौहान, उमाशंकर शर्मा, राजेश सिंह, राघवेंद्र दुबे, अनिल खन्ना, संजीव कुमार आदि शामिल थे।


